आगरा के थाना हरीपर्वत क्षेत्र की 16 वर्षीय छात्रा से धर्म परिवर्तन कराकर शादी करने वाला कासिम उर्फ निक्की यादव चार जिलों में भी पुलिस के हाथ नहीं आ सका है। पुलिस ने उसके छह परिचित और रिश्तेदारों को उठाया है। उनसे पूछताछ की गई। दो टीम आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी हैं। उसके हाथ आने पर ही निकाह और धर्म परिवर्तन कराने वाले मौलवी का पता चलेगा।
थाना हरीपर्वत क्षेत्र की रहने वाली छात्रा 15 जून को घर से लापता हो गई थी। एक जुलाई को घर लौटी थी। तब परिजनों को उसके निकाह और धर्म परिवर्तन का पता चला था। आरोपी मऊ रोड स्थित नसीराबाद कॉलोनी निवासी कासिम कुरैशी फरार है।
कासिम कुरैशी ने निक्की यादव बनकर छह महीने पहले छात्रा से दोस्ती की थी। अब धर्म परिवर्तन कर निकाह किया। पुलिस ने शनिवार को कासिम के पिता रईसुद्दीन, मां रुखसार, बहन सोनम कुरैशी, भाई शकील और कामिल को जेल भेज दिया था। उधर, आरोपी की तलाश में दो टीमें लगी हैं।
आगरा के अलावा, फिरोजाबाद, अलीगढ़, मथुरा में तलाश की जा रही है। मगर, कासिम कहीं नहीं मिल सका है। पुलिस ने आरोपी के रिश्तेदारों को उठाया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। थाना हरीपर्वत के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि कासिम की तलाश में टीम लगी हैं। निकाह मौलवी ने कराया था। उनकी भी गिरफ्तारी की जानी है। आरोपी के पकड़े जाने पर ही उनका पता चलेगा।