सिकंदरा थाना प्रभारी निरीक्षक बलवान सिंह ने बताया कि 20 नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। 200 अज्ञात आरोपी हैं। वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगी हैं।
अभी आशा ज्योति केंद्र में युवती
वहीं रुनकता की युवती अभी आशा ज्योति केंद्र में ही है। उसके बयान कोर्ट में दर्ज कराए जा चुके हैं। उन्होंने अपनी मर्जी से साजिद से शादी की बात कही थी। इसके बाद पुलिस ने उसे आशा ज्योति केंद्र में रखवाया था। प्रभारी निरीक्षक बलवान सिंह ने बताया कि युवती को परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। अभी उसे कोई लेने नहीं आया है।
केंद्रीय राज्य मंत्री से मिले अधिवक्ता
युवा अधिवक्ता संघ के मंडल अध्यक्ष नितिन वर्मा ने बताया कि वह दिल्ली में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले से मिले। उनसे रुनकता प्रकरण में गलत तरीके से अधिवक्ता व ग्राम प्रधान अनुज कुमार और उनके भाई मनोज को जेल भेजने की जानकारी दी। कहा कि ग्राम प्रधान को घर से पकड़ा गया। कोर्ट के आदेश पर अनुज का जेल में उपचार कराया गया। राज्य मंत्री ने कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। नितिन वर्मा का कहना है कि वो 30 अप्रैल को बार कौंसिल आफ इंडिया के चेयरमैन मनन मिश्रा से भी मिलेंगे।