फिरोजाबाद में सिपाही पति ने गोली मारकर हत्या पत्नी की कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने चचेरे साले को फोन पर हत्या की जानकारी दी और अपनी तीन बेटियों को लेकर मकान में ताला लगाकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंचे ससुरालीजनों ने घटना की सूचना थाना पुलिस को दी।
पुलिस ने सोमवार की सुबह मकान से महिला की लाश बरामद कर ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में महिला के चचेरे भाई ने आरोपी पति समेत तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी। जिसके आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मूलरूप से मैनपुरी के थाना कुर्रा क्षेत्र अंतर्गत गांव अंवापुरा निवासी यतेंद्र कुमार पुत्र रामदत्त आगरा में डायल112 पर कांस्टेबल के पद पर तैनात है। वो चार साल से पत्नी सरोज (34) उर्फ पिंकी और तीन बेटियों आकांक्षा (10), आरती (8) और अन्या (4) के साथ शिकोहाबाद की आवास विकास कॉलोनी में किराए पर रह रहा था।