गंजडुंडवारा(कासगंज)। कोतवाली से मंगलवार की सुबह पुलिस हिरासत से एक बाइक चोरी और अवैध तमंचा रखने का आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। दिनभर पुलिस आरोपी की तलाश में खाक छानती रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। शाम को पुलिस ने फरार हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं ड्यूटी पर लापरवाही बरतने के आरोप में थाने के संतरी गार्ड के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
गंजडुंडवारा थाना पुलिस ने मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे कांशीराम कॉलोनी क्षेत्र से निर्दोष पुत्र रामौतार निवासी मोहल्ला मिश्राना पटियाली को गिरफ्तार किया था। इसके पास चोरी की बाइक थी और तमंचा भी मिला। यह आरोपी पटियाली में बाइक मैकेनिक है। पुलिस आरोपी को थाने ले आई। आरोपी को थाने में बंद कर दिया गया। सुबह करीब 6:30 बजे आरोपी निर्दोष ने तबीयत बिगड़ने का बहाना करते हुए कहा कि उसे उल्टी आ रही है। इस पर थाने के संतरी ने हवालात से आरोपी को निकालकर हथकड़ी लगाकर कोतवाली के बरांडे में बैठा दिया। निर्दोष की पहले से ही भागने की योजना थी। थाने पर होमगार्ड रामविलास संतरी ड्यूटी कर रहा था। वह सुबह कहीं व्यस्त हो गया। इसी बीच आरोपी अपने हाथ से हथकड़ी निकालकर फरार हो गया। कोतवाली पुलिस ने आरोपी का पीछा किया, लेकिन वह फरार होने में कामयाब हो गया। इस मामले में आरोपी के फरार होने पर निर्दोष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं कर्तव्य पालन में लापरवाही के होमगार्ड संतरी रामविलास के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसपी सुशील घुले ने बताया कि थाने में दो अलग अलग मामले दर्ज कर लिए गए हैं।
थाने से भागे आरोपी की तलाश में जगह जगह दबिशें, पुलिस टीमें की गठित
गंजडुंडवारा (कासगंज)। पुलिस की हिरासत से कोतवाली से हथकड़ी निकालकर फरार हुए आरोपी निर्दोष की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों ने कई स्थानों पर दबिशें दी हैं लेकिन अभी तक मुल्जिम की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
सुबह के समय कोतवाली से बाइक चोरी और अवैध तमंचे रखने का आरोपी निर्दोष पुलिस को चकमा देकर हिरासत से भाग गया था। पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर भी सुबह के समय तलाशी ली, लेकिन सफलता नहीं मिली। मामले की जानकारी मिलने पर सीओ पटियाली गवेंद्र पाल गौतम मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पटियाली, सिकंदरपुर वैश्य, सुन्नगढ़ी सहित अन्य थानों की पुलिस को भी अलर्ट कर दिया।
- फरार आरेापी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं जो गिरफ्तारी के प्रयासों में जुटी हैं। वहीं लापरवाही के लिए संतरी गार्ड के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज हुई है। शीघ्र ही फरार आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी- गवेंद्र पाल गौतम, सीओ, पटियाली।