उत्तर प्रदेश के आगरा में शाहगंज पुलिस ने ताला-चाबी बनाने का झांसा देकर घरों में चोरी करने वाले गैंग के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो पथौली में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए गए। एक के पैर में गोली लगी है। आरोपी मध्य प्रदेश और गुजरात से अलग-अलग जिलों में जाकर वारदात करते थे। हाल ही में डेयरी व्यवसायी के घर से 40 लाख के जेवरात चोरी किए थे। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से इनका सुराग मिला।
एसीपी ने बताया कि गैंग के सदस्य ट्रेन से आगरा आते हैं। बस अड्डे, पार्किंग आदि में खड़ी साइकिल चुराते हैं। धर्मशाला में रुकते हैं। दिन में गली मोहल्लों और काॅलोनी में साइकिल से चक्कर काटकर रेकी करते हैं।
बंद ताले की चाबी बना लेते हैं। साथ ही अकेली महिलाएं और बुजुर्ग वाले घरों के चक्कर काटकर ताला-चाबी बनवाने के लिए बात करते थे। जो लोग घरों में बुलाते हैं। अलमारी और बक्से के ताले ठीक करने के दौरान घर के लोगों को बहाने से दूर भेजकर कुछ सेकंड में जेवरात चुरा लेते हैं। ये यूपी के साथ राजस्थान में भी वारदात कर रहे थे।
पुलिस ने मध्य प्रदेश के बड़वानी निवासी नानक उर्फ नानू, अकला सिंह, जिला धार निवासी शेर सिंह और गुजरात के दाहोद निवासी धर्म सिंह को गिरफ्तार किया है। नानक गोली लगने से घायल हुआ है। उस पर शाहगंज और गोरखपुर में 9 केस दर्ज हैं। जेल भी जा चुका है। धर्म सिंह, शेर सिंह पर 5-5 और अकाल सिंह पर 6 केस दर्ज हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों से तमंचा, 1 बाइक, 12 अंगूठी, 1 मंगलसूत्र, 4 टॉप्स, 2 कड़े, 3 चेन, 2 अंगूठी सहित चोरी गया ज्यादातर माल बरामद कर लिया गया है।