मैनपुरी। मोहल्ला छपट्टी में बृहस्पतिवार देर शाम एक युवक पर जानलेवा हमला के मामले में पुलिस खुलासे के करीब पहुंच चुकी है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पुलिस की पूछताछ जारी है। इंस्पेक्टर का कहना है कि जल्द खुलासा करेंगे।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला छपट्टी निवासी टिंकू पुत्र बाबू सिंह बृहस्पतिवार की देर शाम अपने दो अन्य साथियों के साथ मोहल्ला स्थित एक गली में था। तभी उस पर बाइक सवार हमलावरों ने फायरिंग कर दी थी। पीठ में गोली लगने से घायल टिंकू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहां से मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया। उक्त घटना के बाद एएसपी मधुवन कुमार सिंह, सीओ सिटी अभय नारायण राय, इंस्पेक्टर कोतवाली भानू प्रताप देर रात तक जांच में जुटे रहे। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने के साथ ही कई स्थानों पर दबिश दी। कुछ संदिग्धों को भी उठाया। पुलिस उनसे पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है। वहीं इंस्पेक्टर कोतवाली का दावा है कि पुलिस खुलासे के करीब है। जल्द ही वह पूरे घटनाक्रम से पर्दा हटाने के साथ ही अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजेंगे।