उत्तर प्रदेश के आगरा में रविवार को पुलिस ने सोना लूट के मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 1.20 करोड़ कीमत का एक किलो 495 ग्राम सोना बरामद हुआ है। बाकी सोना आरोपियों ने बेच दिया है। जयपुर के सोना व्यापारी के कर्मचारी से की थी लूट।
आगरा पुलिस ने रविवार को लूट का खुलासा किया है। तीन आरोपी गिरफ्तार किए हैं। जिनके पास से 1.20 करोड़ रुपये कीमत का एक किलो 495 ग्राम सोना बरामद किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक गंगापुर सिटी राजस्थान का वीरेंद्र मीणा है। जबकि दिल्ली के मोहन गार्डन में रहने वाले त्रिलोचन भल्ला और रानीबाग के मानव मेहता को लूट का सोना खरीदने के आरोप में पकड़ा है।
डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय ने बताया कि ढाई किलो सोने में डेढ़ किलो ही सोना बरामद किया है। आरोपी वीरेंद्र ने सोना बेचकर जयपुर में प्लॉट खरीदे थे। जिनकी कीमत 62 लाख रुपये है। प्लॉट की रजिस्ट्री भी बरामद की गई हैं। अपराध से अर्जित संपत्ति को गैंगस्टर एक्ट के तहत जब्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लूट में शामिल दूसरा आरोपी पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर का रहने वाला मक्खन लाल मीणा है। वह डाक विभाग में कर्मचारी है। आगरा पुलिस उसे रिमांड पर लाएगी।मधोपुरा निवासी प्रदीप सराफा कारोबारी का कर्मचारी था। 18 जनवरी 2024 को कारोबारी ने उसे ढाई किलो सोना देकर आभूषण बनवाने के लिए कोलकाता भेजा था। वहां काम नहीं बना, तो 19 जनवरी को अजमेर9सियालदाह एक्सप्रेस से जयपुर लौट रहा था।
क्लोन व्हाट्सएप से बदमाशों को इसकी भनक लग गई। कैंट रेलवे स्टेशन पर कर्मचारी को फर्जी कस्टम अधिकारी बनकर उठा लिया। सोने की तस्करी के आरोप में जेल भेजने की धमकी दी। ट्रेन से उतारकर कर्मचारी को ले गए। ईदगाह पुल के नीचे उससे सोना लूटकर बदमाश फरार हो गए थे। वारदात के दो महीने बाद 23 मार्च 2024 को कारोबारी ने शाहगंज पुलिस में केस दर्ज कराया था।