फेसबुक पर दोस्ती और फिर प्यार दिल्ली के युवक को भारी पड़ गया। प्रेमिका ने अपनी बातों में फंसाकर उससे ढाई लाख रुपये ले लिए। प्रेमी जब शिकायत लेकर उसके घर पहुंचा तो युवती के परिजनों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। आरोप लगाया कि युवक उनकी बेटी को परेशान करता है। आरोपी युवक के पिता ने भी रकम वापस कराने की तहरीर थाने में दी है।
मामला थाना फरह क्षेत्र का है। हुआ यूं कि कस्बा की एक युवती की दिल्ली के एक युवक से फेसबुक पर दोस्ती हो गई। दोस्ती बहुत जल्द प्यार में बदल गई और दोनों ने शादी करने का वायदा कर लिया। इसी बीच युवती एक कार्यक्रम में परिवार के साथ दिल्ली गई और प्रेमी से मुलाकात की।
युवती पर ढाई लाख रुपये लेने का आरोप
बताया गया है कि युवक और युवती के परिवारवालों ने भी दोनों की शादी कराने की बात कही। वहां से लौटने के बाद युवती रोज युवक से फोन पर बातें करने लगीं। आरोप है कि युवती ने युवक को अपनी बातों में फंसाकर घर बनवाने के बहाने ढाई लाख रुपये की मांग की। युवक ने रुपये खाते में डलवा दिए। इसके बाद युवती ने अपने मोबाइल को स्विच ऑफ कर लिया।
प्रेमिका से संपर्क न होने पर युवक परेशान हो गया। वह सोमवार को प्रेमिका से मिलने के लिए फरह पहुंच गया। जैसे ही वह घर पहुंचा, प्रेमिका ने उसे पुलिस से गिरफ्तार करा दिया। पुलिस ने युवक को जेल भेज दिया। आरोपी युवक के पिता ने थाने में तहरीर देकर युवती से रुपये वापस कराने की मांग की है। युवती के परिजनों ने बताया कि लड़की को फोन कर परेशान करता था।
अपने शहर की खबरों से अपडेट रहने के लिए पढ़ते रहिए amarujala.com । अमर उजाला आगरा के फेसबुक पेज को लाइक और फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं।