आरोपी की गिरफ्तारी के बारे में जानकारी देते पुलिस अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी में एटीएम से रुपये निकालने वाले भोले-भाले लोगों को भ्रम में डालकर डेबिट कार्ड बदलने वाले शातिर को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उससे पांच डेबिट कार्ड, तमंचा-कारतूस और एक बाइक बरामद हुई है। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी पर 20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। सोमवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया।
आए दिन एटीएम पर कार्ड बदल कर धोखाधड़ी शिकायतें प्राप्त होने पर एसपी कमलेश दीक्षित की ओर से इंस्पेक्टर कोतवाली/स्वाट प्रभारी विक्रम सिंह को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। सोमवार की सुबह इंस्पेक्टर को सूचना मिली कि डेबिट कार्ड बदल कर धोखाधड़ी करने वाला एक शातिर ज्योति तिराहा के पास एक एटीएम के पास वारदात की फिराक में है।
आरोपी से पांच डेबिट कार्ड बरामद
इस सूचना पर इंस्पेक्टर ने पुलिस बल के साथ दबिश देकर मौके से शातिर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम अवधेश राठौर निवासी गांव इटौरा थाना मटसेना फिरोजाबाद बताया। तलाशी के दौरान उससे पांच डेबिट कार्ड, तमंचा-कारतूस मिले।