आगरा। पाइप्ड नैचुरल गैस (पीएनजी) के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और उपभोक्ताओं को गैस की उपलब्धता के लिए ग्रीन गैस ने कमर कस ली है। जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन मौजूद है, वहां आवेदन के 15 दिनों में पीएनजी कनेक्शन मिल जाएगा। अगले तीन माह में 25 हजार घरों को पीएनजी से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स की बुधवार को जीवनी मंडी स्थित सभागार में ग्रीन गैस प्रकोष्ठ के साथ बैठक हुई। चैंबर के अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल और प्रकोष्ठ के चेयरमैन सीताराम अग्रवाल ने गैस किल्लत का मुद्दा उठाया। ग्रीन गैस के डीजीएम समित पांडेय ने बताया कि आगरा में अब तक 2700 किमी पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है और 76 हजार घरों में पीएनजी का उपयोग हो रहा है। उन्होंने कहा कि नुनिहाई और फाउंड्री नगर जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में कमर्शियल कनेक्शन की मांग आने पर तत्काल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। अगले तीन माह में 25 हजार नए कनेक्शन का लक्ष्य है। बैठक में एजीएम सूर्य प्रकाश गुप्ता, विजय कुमार सिंह, किशन सिंह सहित चैंबर के उपाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, अंबा प्रसाद गर्ग, कोषाध्यक्ष विनय मित्तल और पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल और राजीव अग्रवाल मौजूद रहे।