ऑन ग्रिड में बिना बैटरी, बैकअप की जगह अब हाइब्रिड सोलर सिस्टम की मांग बढ़ रही है। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना 2.0 के तहत सरकार बैटरी बैकअप वाले सोलर सिस्टम को अनिवार्य कर सकती है। बिना बैटरी के लग रहे सोलर सिस्टम से ग्रिड पर लोड आ रहा था। ऐसे में बैटरी बैकअप वाले सोलर सिस्टम अब प्रदान किए जाएंगे। आगरा रिन्यूएबल एनर्जी एसोसिएशन के शुक्रवार रात हुए कार्यक्रम में यह जानकारी दी गई। इसमें आगरा मंडल से 200 से अधिक पीएम सूर्य घर योजना के रजिस्टर्ड वेंडर्स शामिल हुए।
विज्ञापन
आगरा रिन्यूएबल एनर्जी एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव जैसवाल ने कहा कि बिजली की कटौती और संकट के बीच सोलर के लिए हाइब्रिड इनवर्टर अब सबसे समझदारी वाला विकल्प है। नेडा के परियोजना अधिकारी प्रेम चंद और माइडिया एनर्जी के कंट्री हेड प्रवीन शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना 2.0 में हाइब्रिड इनवर्टर लगाने पर लाइट जाने पर एसी तक चल जाएगा।
डीवीवीएनएल के जितेंद्र कुमार, माइडिया के इंटरनेशनल सेल्स मैनेजर मिडो (चीन) और माइडिया के ग्लोबल ट्रेनिंग मैनेजर पीयूष चौधरी ने बताया कि सामान्य ऑन-ग्रिड इन्वर्टर में लाइट गई तो सोलर भी बंद, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र में बिजली जाने के बाद हाइब्रिड सोलर सिस्टम बिजली प्रदान करता रहता है। एमएलसी विजय शिवहरे ने कहा कि भारत सरकार का लक्ष्य हर व्यक्ति को बिजली के लिए आत्मनिर्भर बनाना है। सीताराम अग्रवाल, सुशील कुमार, राकेश मिश्रा, अयान जैसवाल, संजीव जैन और दीप गुप्ता मौजूद रहे।