प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर को आगरा मेट्रो परियोजना का ऑनलाइन शिलान्यास करेंगे। वे शिलान्यास दिल्ली से करेंगे। कार्यक्रम आगरा के पीएसी मैदान में होगा, यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे। आगरा मेट्रो का ट्रायल दो साल में होना है। 2025-26 तक 30 किमी लंबे ट्रैक पर मेट्रो दौड़ने लगेगी।
मुख्यमंत्री योगी राजकीय वायुयान से सुबह 10:45 बजे आगरा के खेरिया स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। यहां से कार से पीएसी मैदान जाएंगे। 11 से 12.30 बजे तक शिलान्यास कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री वर्चुअल शिलान्यास के बाद पीएसी ग्राउंड पर मौजूद लोगों को संबोधित करेंगे।
शिलान्यास कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी 12.45 बजे राजकीय वायुयान से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक कुमार केशव ने बताया कि राज्यपाल आनंदी बेन पटेल कार्यक्रम से ऑनलाइन जुड़ेंगी। केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहेंगे।