उत्तर प्रदेश के एटा जिले में पंजीकृत 2.86 लाख किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ दिया जा रहा है। 11वीं किस्त दिए जाने से पहले सभी किसानों का सत्यापन किया जा रहा है। जनसेवा केंद्र पर किसानों की ई-केवाईसी की जा रही है। अभी तक 1.37 लाख किसान ई-केवाईसी से दूर हैं, जबकि इसकी अंतिम तारीख 31 मई है।
जिले में योजना के तहत कुल 286036 पंजीकृत किसानों की ई-केवाईसी की जा रही है। जिले की सभी बैंक शाखा और जनसेवा केंद्रों पर यह प्रक्रिया चल रही है। सभी किसानों की ई-केवाईसी होने के बाद ही उनके खाते में 11वीं किस्त पहुंचेगी। अभी तक 148738 किसानों की ही ई-केवाईसी हो पाई है। शेष 137298 किसानों द्वारा अभी तक यह प्रक्रिया नहीं कराई गई है।
माना जाएगा अपात्र
जिला कृषि अधिकारी एमपी सिंह ने बताया कि महीने के अंत तक जो किसान इसे नहीं कराएंगे, उन्हें अपात्र मानते हुए सम्मान निधि की वसूली की जाएगी।
52 फीसदी किसानों ने कराई ई-केवाईसी
जिला कृषि अधिकारी एमपी सिंह ने बताया कि जिले के किसानों की ई-केवाईसी की जा रही है। अभी तक 52 फीसदी किसानों ने ही अपनी ई-केवाईसी कराई है। 31 मई के बाद जो किसान ई-केवाईसी के लिए रह जाएंगें, उन्हें अपात्र घोषित किया जाएगा और योजना के तहत ली गई धनराशि की रिकवरी कराई जाएगी।