आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र के ककरैठा मार्ग पर एक युवक ने महिला के कान से कुंडल खींच लिया। महिला का शोर सुनकर लोग जुट गए। उन्होंने घेराबंदी करके युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं दूसरी घटना में खंदारी में एक सरकारी कर्मचारी के हाथ से बाइकर्स गैंग ने मोबाइल लूट लिया।
ककरैठा की रहने वाली माया देवी मंगलवार रात को दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम दफ्तर के पास स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में दर्शन करके घर जा रही थीं। गांव के मार्ग पर एक युवक पैदल आया। माया देवी के कान से कुंडल खींचकर भागने लगा। इस पर माया देवी ने शोर मचाया। पीछे आ रहे उनके परिवार के अन्य लोगों ने घेराबंदी करके युवक को पकड़ लिया।
सूचना पर पुलिस आ गई। लोगों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। बुधवार को तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। थाना सिकंदरा पुलिस का कहना है कि आरोपी सुमित निवासी जगदीशपुरा था। उसको जेल भेज दिया गया है।
वहीं दूसरी घटना 13 मई की है। टूंडला निवासी शिव कुमार सरकारी कर्मचारी हैं। उन्होंने थाना न्यू आगरा में बुधवार को मुकदमा दर्ज कराया। इसमें कहा कि वह खंदारी चौराहे से निकल रहे थे। तभी बाइक सवार दो युवक आए। इनमें से एक ने झपट्टा मारकर उनके हाथ में लगा मोबाइल लूट लिया। उन्होंने शोर मचाया, लेकिन बदमाश भागने में सफल रहे। पुलिस आरोपियों की पहचान के प्रयास में लगी है।