वाहन का इंतजार कर रही महिला से लूटी सोने की चेन
सिरसागंज मार्ग हुई वारदात, फिरोजाबाद की रहने वाली है पीड़िता
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। थाना बरनाहल क्षेत्र में सिरसागंज मार्ग पर घर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही महिला के गले से बाइक सवार बदमाश सोने की चेन लूट कर भाग गए। घटना के बाद महिला के शोर मचाने पर राहगीर रुक गए। सूचना पर फिरोजाबाद निवासी पीड़िता के परिजन भी आ गए।
जनपद फिरोजाबाद के सिरसागंज निवासी गायत्री देवी शनिवार को किसी काम से कस्बा बरनाहल आईं थीं। काम निपटाने के बाद शनिवार की देर शाम वह वापस घर जाने के लिए सिरसागंज मार्ग पर सड़क किनारे खडे़ होकर वाहन का इंतजार कर रहीं थीं। तभी एक बाइक पर सवार दो युवक उनके पास आकर रुक गए। हेलमेट लगाए युवकों ने फिरोजाबाद जाने का रास्ता पूछा तो महिला ने रास्ता बता दिया। महिला जब तक कुछ समझ पाती। पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर गले में पड़ी सोने की चेन तोड़ ली। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार बदमाश फिरोजाबाद की ओर भाग गए। महिला ने चीख पुकार मचाई तो राहगीर रुक गए। महिला ने परिजन को सूचना दी। कुछ देर बाद परिजन भी आ गए। पीड़िता शिकायत दर्ज कराने की बात कहकर परिजन के साथ बाइक पर बैठ कर चली गई।