26एमएनपी-27-कार से घसीटे जाने के बाद घायल रोहित कोतवाली में मौजूद
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। बस से फर्रुखाबाद जाते समय ईशन नदी पुल के पास एक युवक की जेब काटने के साथ ही मोबाइल निकाल लिया गया। जब पीड़ित ने कार सवार बदमाशों को कोतवाली के पास रोकना चाहा तो चोर उसे घसीटते हुए करीब आधा किलोमीटर तक ले गए। इस दौरान एक को पकड़ लिया जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए। पकड़ा गया युवक नाबालिग है।
थाना करहल क्षेत्र के मोहल्ला काजी निवासी रोहित कुमार फर्रुखाबाद में प्राइवेट नौकरी करता है। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे वह शहर के ईशन नदी पुल से फर्रुखाबाद जाने वाली बस में सवार हुआ था। बस में भीड़ के कारण किसी ने उसकी जेब से पर्स और मोबाइल निकाल लिया। पता लगते ही रोहित गाड़ी से नीचे उतर आया। वहां उतरने पर जब उसने पुलिस को सूचना देने के लिए एक व्यक्ति से फोन मांगा।
तो उक्त व्यक्ति ने बताया कि उसका मोबाइल कार सवार चोर निकाल ले गए हैं। उक्त व्यक्ति के साथ रोहित कार सवारों का पीछा करते हुए शहर कोतवाली तक पहुंच गया। वहां जब कार को रोकने का प्रयास किया तो कार सवार ने फिर से गाड़ी तेज कर दी। इस दौरान राहुल खिड़की को पकड़ चुका था, जिस वजह से क्रिश्चियन तिराहा मोड़ तक वह घिसटता हुआ चला गया। वहां उसका हाथ छूट गया और कार सवार भाग गए। इस बीच एक नाबालिग चोर को पकड़ लिया गया। उसे कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने घायल को मेडिकल के लिए भेजा।