लोगों ने जताई खुशी
एक्साइज ड्यूटी में कमी से पेट्रोल, डीजल के दाम कम होने पर लोगों ने खुशी जताई है। ट्रांसपोर्ट कारोबारियों का कहना है कि इससे खासी राहत मिलेगी। माल भाड़े में कमी आने से वस्तुओं की महंगाई कम होगी। आर्थिक सलाहकार सीए दीपिका मित्तल का कहना है कि सरकार ने पेट्रोल, डीजल व गैस सिलिंडर की कीमतें कम करके आम आदमी को बड़ी राहत दी है। साथ ही किसान और उद्योगों से जुड़े सरकार के कई फैसले महंगाई के असर को कम करेंगे। आम जरूरतों की चीजों के दाम कम होने से लोगों को राहत मिलेगी।
आगरा गुड्स कैरियर के संरक्षक दीपक शर्मा का कहना है कि सरकार ने समय रहते उचित कदम उठाया है। पेट्रोल, डीजल के दाम बढ़ने से ट्रांसपोर्टर्स को सबसे ज्यादा नुकसान हो रहा था। आगरा महानगर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के महासचिव मुकेश कुमार गर्ग का कहना है कि इस फैसले से आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी। हम भी माल भाड़े में की गई वृद्धि को पेट्रोल, डीजल के दामों के मुताबिक कम करेंगे।
ट्रांसपोर्ट कारोबारी देवेंद्र गुप्ता ने इसे राहत भरा कदम बताया। आल इंडिया मोटर्स ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के सह प्रवक्ता वीरेंद्र गुप्ता का कहना है कि सरकार को पेट्रोल, डीजल को जीएसटी के दायरे में लाना चाहिए, इससे स्थायी असर बाजार में पड़ेगा। हालांकि एक्साइज ड्यूटी कम करने की मांग हम लंबे समय से कर रहे थे।