आगरा। सेंट पीटर्स कॉलेज ओल्ड बॉयज एसोसिएशन की ओर से आयोजित ओसवाल क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को सुपर लीजेंड्स वर्ग के अंतिम लीग मुकाबले खेले गए। पीटर्स सुपरकिंग्स ने लॉरेंस यूनाइटेड को 5 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। शनिवार को स्टार वर्ग का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
लॉरेंस यूनाइटेड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 139 रन बनाए। अमित शुक्ला ने 35, अक्षत रल्लन ने 25 और गौरव टंडन ने 17 रन बनाए। कृष्ण कालरा ने 2 विकेट जबकि अमन गुप्ता, चंदन कालरा, रोहित गुप्ता और अंकुर अग्रवाल ने 1-1 विकेट हासिल किया।
जवाब में पीटर्स सुपरकिंग्स ने 18.5 ओवर में 5 विकेट पर 140 रन बनाकर मैच जीत लिया। डॉ. राजीव फिलिप ने नाबाद 50 रन की कप्तानी पारी खेली। कृष्ण कालरा ने नाबाद 31 और तरुण कोहली ने 19 रन बनाए। अरुण लूथरा ने 2 विकेट जबकि गौरव टंडन, सागर भटनागर और अक्षत रल्लन को एक-एक सफलता मिली। कृष्ण कालरा मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
यश की अर्धशतकीय पारी से पॉल्स टाइटन विजयी
फ्रांसिस एवेंजर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 130 रन बनाए। विवेक द्विवेदी ने 33, रजत शर्मा ने 25 और राजीव कक्कड़ ने 15 रन बनाए। अमित गुप्ता और यश उपाध्याय ने 2-2 विकेट झटके। अजय कक्कड़, गौरव माथुर और अभिनीत धवन को एक-एक सफलता मिली। लक्ष्य का पीछा करते हुए पॉल्स टाइटन के यश उपाध्याय ने 52 और शशांक कौल ने 45 रन की शानदार पारी खेली। इससे टीम ने 13.5 ओवर में ही 3 विकेट पर 131 रन बनाकर मैच जीत लिया। कमलदीप सिंह और राजीव कक्कड़ को 1-1 विकेट मिला। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए यश उपाध्याय को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इन मैचों के दौरान भारत महाजन, डॉ. पराग गौतम, रामानंद चौहान, डॉ. निशांत चौहान, अनमोल कोहली, गौरव सिंघल सहित कई पूर्व छात्र उपस्थित रहे। अंपायरिंग श्याम सुंदर और वकार अहमद ने की, जबकि स्कोरिंग मनु ने और कमेंट्री नरेंद्र शर्मा ने संभाली।