कासगंज। शहर के अशोकनगर इलाके में सुबह के समय एक युवक के हाथ में आरोपियों ने गोली मार दी। गोली युवक के हाथ के अंगुठे में लगी। जिला चिकित्सालय में युवक का इलाज किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद युवक को अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। युवक हत्या के मामले में जमानत पर चल रहा है।
बताया गया कि अशोकनगर निवासी युवक राजेश सुबह 4:30 बजे अपनी बाइक से गंगा स्नान के लिए जा रहा था। तभी अशोकनगर के समीप रेलवे फाटक पर उसे गोली मार दी। युवक ने गोली मारने का आरोप आलोक, मुनेंद्र व एक अज्ञात व्यक्ति पर लगाया है। युवक के आरोप की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस की जांच पड़ताल में सामने आया है कि घायल युवक राजेश गोली मारने के आरोपी मुनेंद्र के भाई विनोद की हत्या के ही मामले में 2019 से जेल में बंद था। कुछ दिन पूर्व राजेश जमानत पर आया है। हत्या के इस मामले में न्यायालय में ट्रायल चल रहा है। इंस्पेक्टर धीरेंद्र मोहन शर्मा ने बताया कि पुलिस सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच पड़ताल कर रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।