कासगंज में मृतक रामौतार के परिजन सीएचसी पर विलाप करते।
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। सोरों क्षेत्र के ग्राम किरामई के युवक की ग्रेटर नोएडा में ससुरालीजन ने उसकी पिटाई कर दी। गंभीर स्थिति अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजन ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
रामौतार (28) निवासी किरामई सोरों के भाई रामब्रेश ने बताया कि वह आठ वर्ष से ग्रेटर नोएडा में ड्राइवर था। उसने वहीं पर रीतू नाम की महिला से शादी कर ली। मंगलवार को उसका फोन आया कि उसकी ससुरालीजन ने पिटाई कर दी है। जब वह और अन्य परिजन वहां पहुुंचे तो वह गंभीर हालत में था। जब उसे इलाज के लिए कासगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया तो डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि उसकी रास्ते में ही मौत हो चुकी थी। परिजन का कहना है कि युवक की ससुरालीजन ने हत्या की हैं। परिजन ने अभी तहरीर पुलिस को नहीं दी है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार सिसोदिया ने बताया कि घटनास्थल नोएडा का हैं। वहीं की पुलिस द्वारा विधिक कार्रवाई की जाएगी।