सुबह स्कूल और आफिस जाने के समय लोगों ने पड़ोसियों से पानी मांगा, पर सबमर्सिबल बिजली न होने के कारण चले नहीं। दोपहर में बिजली आने के बाद पानी भरा गया। 33 केवी यूपीएसआईडीसी, 33 केवी जल संस्थान, 33 केवी सिकंदरा, 33 केवी एमडी ऑफिस के सामने बने सबस्टेशन से बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
भावना एस्टेट के पास लीकेज हुई लाइन
सिकंदरा क्षेत्र में भावना एस्टेट के पास से निकल रही पानी की पाइप लाइन लीक हो जाने से पानी बर्बाद हो गया। शाम को एमबीबीआर प्लांट चला और जोनल पंपिंग स्टेशनों के जलाशय और ओवरहेड टैंक भरने के लिए पानी चला तो लाइन लीक होने के कारण सड़क पर फैलकर बर्बाद होने लगा।
भावना एस्टेट के पास लीकेज लाइन के कारण फुव्वारा की तरह पानी फैलता रहा, जिसकी शिकायत पर बाद में सप्लाई बंद की गई। सिकंदरा की तरह माल रोड पर नेता जी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा के पास पानी की लाइन लीक हो गई। सप्लाई के समय यहां पानी फैलने से माल रोड के किनारे जलभराव हो गया। अंदर से लीकेज के कारण सड़क के कटान का यहां खतरा है।
अर्जुन नगर के सुभाष वर्मा ने कहा कि ऐसी गर्मी में शटडाउन से बचें। हम जैसे बुजुर्ग पानी भरने किसी के घर नहीं जा सकते। मजबूरी में 200 रुपये कैंपर से पानी मंगवाने में खर्च करने पड़े। खेरिया मोड़ निवासी राजकुमार नागरथ ने कहा कि दो दिन से पानी के लिए परेशान हैं। जब पानी नहीं आता तो बिजली भी नहीं आती। पड़ोसी से पानी कैसे मांगें। ऐसी गर्मी में शटडाउन की जरूरत क्या है। बोदली निवासी शीतल त्रिपाठी ने कहा कि एक दिन तो जैसे तैसे काम चला लिया, पर 44 डिग्री की गर्मी में दो दिन तक बिना नहाए कोई कैसे रहे। न कूलर चल पा रहे, न ठंडा पानी मिल रहा।
जल निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर महेश गौतम ने बताया कि हमने 15 घंटे पहले काम खत्म कर दिया है। सिकंदरा के दोनों प्लांट शुरू करा दिए हैं। रात में टंकियां भर जाएंगी और बुधवार सुबह जलापूर्ति होगी।