उत्तर प्रदेश के आगरा में नगर निगम का बुलडोजर शनिवार दोपहर खेरिया मोड़ और अर्जुन नगर पास सोना नगर में नालियों पर बनाए गए रैंप तोड़ने के लिए पहुंचा। बुलडोजर ने जैसे ही रैंप तोड़ने शुरू किए, लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। हंगामा और धक्कामुक्की हुई। लोगों ने कहा कि पहले सांसदों, विधायकों और मेयर के घर के रैंप तोड़कर दिखाएं। भारी विरोध के बीच बुलडोजर ने 52 रैंप तोड़े और जुर्माना भी वसूला।
नगर निगम के प्रवर्तन प्रभारी ने खेरिया मोड़ पर सड़क पर खड़े 25 ठेल हटवाए। दुकानों से 500 ग्राम प्लास्टिक गिलास जब्त किए। प्लास्टिक रखने पर दुकानदारों पर 5 हजार रुपये का जुर्माना किया गया। अतिक्रमण करने पर 26,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। कुल 31,500 रुपये का जुर्माना वसूला। प्रवर्तन दल ने रात में फुटपाथ पर सोने वाले 20 लोगों को लोहामंडी शेल्टर होम पर पहुंचाया।