आवारा कुत्तों से परेशान होने की खबरें तो कई सुनी होंगी, लेकिन यहां हम आपको बताने जा रहे हैं एक ऐसे कुत्ते के बारे में जिसके लापता हो जाने पर मोहल्ले के लोग परेशान हो गए हैं। इसे खोजने के लिए लोग सोशल मीडिया का सहारा ले रहे हैं।
आगरा के जगदीशपुरा के आवास विकास कॉलोनी सेक्टर सात में गली में रहने वाले एक कुत्ते को लेकर लोग परेशान हैं। उसे एक परिवार ने डंडा मारकर भगा दिया। कॉलोनी के लोग उसकी तलाश में लगे हुए हैं। इसके लिए सोशल मीडिया का भी सहारा ले रहे हैं।
विज्ञापन
आवास विकास कॉलोनी के रहने वाले श्रीनिवास एसएन मेडिकल कॉलेज में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि गली में एक कुत्ता रहता था। उसको लोग प्यार से भालू कह कर पुकारते थे। ज्यादातर परिवार उसे रोजाना दूध रोटी दिया करते हैं। मोहल्ले में रहने वाला एक परिवार कुत्ते का विरोध कर रहा था। बुधवार रात को उस परिवार की महिला ने डंडे से कुत्ते को भगा दिया। यह सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
जब लोगों को महिला की इस करतूत के बारे में पता चला, तो उनमें आक्रोश फैल गया। उन्होंने विरोध भी किया। बाद में कुत्ते की तलाश की गई। मगर, अब तक नहीं मिल सका है। तब से कॉलोनी के लोग कुत्ते की तलाश में जुटे हुए हैं। इस मामले में लोगों का कहना है कि यदि भालू नहीं मिला, तो पुलिस से भी शिकायत करेंगे। फिलहाल उसकी तलाश जारी है।