कोरोना वायरस का खतरा पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। इसके नए वैरिएंट खतरा बने हैं। बूस्टर डोज लगने से पर्याप्त एंटीबॉडी बनेंगी, जो वायरस का मुकाबला करेंगी। ऐसे में बूस्टर डोज लगवाने की अपील स्वास्थ्य महकमा कर रहा है। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि अभी महज 63,977 लोगों ने ही बूस्टर डोज लगवाई है। दूसरी डोज के छह महीने पूरे होने पर इसे लगवा सकते हैं। बुजुर्ग, स्वास्थ्य-फ्रंटलाइन कर्मचारियों को सरकारी बूथों पर तीसरी डोज निशुल्क लगेगी। अन्य निजी अस्पतालों में 385 रुपये के शुल्क पर सुविधा मिल रही है।
वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. आरएस पारीक ने बताया कि कोरोना वायरस की दूसरी लहर में काफी जनहानि हुई। वैक्सीन लगने से तीसरी लहर में कोरोना वायरस प्रभावी साबित नहीं हुआ। अभी कोरोना पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है। बूस्टर डोज से वंचित न रहें।
क्रिकेटर दीप्ति शर्मा ने कहा कि जैसे हम मैच जीतने के लिए एक-एक रन बचाते हैं, ऐसे ही जिंदगी बचाने के लिए टीकाकरण बेहद ही जरूरी है। मेरी परिवार के मुखिया से अपील है कि जिनके भी बूस्टर डोज नहीं लगा है, वह जरूर लगवा लें।
आगरा विकास मंच के अध्यक्ष राजकुमार जैन ने बताया कि कोरोना वायरस ने कइयों की जान लीं, वैक्सीन ही सुरक्षा कवच बनी। लोगों को पूर्ण टीकाकरण के लिए प्रेरित कर रहे हैं। नए वैरिएंट के खतरा बना हुआ है। वैक्सीन की तीसरी डोज लगवाने में लापरवाही न बरतें।
ग्राम प्रधान इस्लामपुर ऊषा सिंह का कहना है कि हमारे गांव में लगभग सभी ने टीका लगवा लिया है, अब बूस्टर डोज के लिए लोगों को प्रेरित कर रही हूं। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के सहयोग से घर-घर जाकर तीसरी डोज के लिए प्रेरित कर रही हूं।
ग्राम प्रधान संवाई सुमित सेन ने बताया कि वैक्सीन लगवाने के लिए घर-घर लोगों को जागरूक किया। बच्चों और बुजुर्गों का भी टीकाकरण करा रहे हैं। तीसरी डोज का फायदा बताते हुए लोगों का पूर्ण टीकाकरण करवा रहे हैं।
ग्राम प्रधान सेवरा वीरेंद्र सिंह ने बताया कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए वैक्सीन के लिए जागरूक कर रहे हैं। डॉक्टर, शिक्षक और जागरूक महिलाओं के सहयोग से घर-घर जाकर बूस्टर डोज लगवाने के लिए बूथों पर भेज रहे हैं।
कोरोना वायरस ने एक वक्त पूरी दुनिया को डरा दिया था। हमारे देश के वैज्ञानिकों ने वैक्सीन बनाकर महान कार्य किया। सरकार निशुल्क वैक्सीन लगवा रही है, तो बूथों पर जाकर तीसरी डोज जरूर लगवा लें।
संत बाबा प्रीतम सिंह, प्रमुख गुरुद्वारा दुख निवारण
कोरोना वायरस से मानव जीवन पर संकट खड़ा हो गया था। कई जान भी गईं, लेकिन वैक्सीन लगवाने से बचाव हुआ। हमारा ये धर्म बनता है कि खुद और दूसरों की सुरक्षा के लिए बूस्टर डोज भी लगवाएं।
योगेश पुरी, महंत मन:कामेश्वर मंदिर
अपनी और दूसरों की जान की हिफाजत करना इंसानियत है। कोरोना वायरस की वैक्सीन से ही बचाव हुआ। ये पूरी तरह से सुरक्षित और कारगर है। बूस्टर डोज में भी पीछे न रहें।
मौलाना मोहम्मद उजैर आलम, नायब काजी
अभी कोरोना वायरस का खतरा कम नहीं हुआ है। जिसने भी वैक्सीन नहीं लगवाई, वह ये गलती न करें। तीसरी डोज भी जरूर लगवा लें।