न्यौली चीनी मिल द्वारा पुराने बकाए का भुगतान अभी पूरा नहीं किया गया है। इसे लेकर जहां एक ओर किसान चिंतित हैं, वहीं जिला प्रशासन भी सख्त हो गया है। डीएम के निर्देश पर गन्ना विभाग ने न्यौली चीनी मिल को नोटिस जारी कर एक सप्ताह में भुगतान के निर्देश दिए हैं। गन्ना विभाग ने दावा किया है कि एक सप्ताह में पूर्ण भुगतान करा दिया जाएगा।
नए पेराई सत्र का भुगतान अभी प्रारंभ नहीं हुआ है, लेकिन पुराने सत्र के भुगतान को लेकर गन्ना विभाग बेहद संजीदगी दिखा रहा है। विभाग ने कार्ययोजना बना ली है। न्यौली चीनी मिल को विभाग की ओर से नोटिस जारी किया गया है। साथ ही निर्देश दिए हैं कि एक सप्ताह में पुराने सत्र के बकाए का भुगतान पूरा कर दें। इस काम में कहीं कोई ढिलाई नहीं होनी चाहिए। पूरी गंभीरता से भुगतान कराएं। इधर न्यौली चीनी मिल के अफसर भी किसानों के बकाए के भुगतान की एडवाइजरी तैयार करने में जुटे हैं।
खरीद और पेराई जारी
नए पेराई सत्र में गन्ने की पेराई का तय लक्ष्य पूरा करने के लिए खरीद फिलहाल चीनी मिल में जारी है। खरीद के साथ साथ चीनी मिल गन्ने की पेराई भी कर रही है ताकि चीनी बिक्री कर गन्ना किसानों का भुगतान समय से कराया जा सके।
आंकड़ों की नजर में-
- 58 करोड़ रुपये का पुराने पेराई सत्र में खरीदा था गन्ना।
- 12 करोड़ रुपये अभी भी पुराने सत्र का है चीनी मिल पर बकाया।
- 30 लाख क्विंटल इस पेराई सत्र में खरीदने का है लक्ष्य।
- 15.75 लाख क्विंटल गन्ना अब तक चीनी मिल ने खरीदा।
वर्जन-
- न्यौली चीनी मिल किसानों का पूरा गन्ना लेने के बाद ही बंद होगी। किसान अपनी पर्ची पर ही गन्ना बिक्री करें। किसान परेशान न हों और नई फसल की तैयारी में जुटें। - एसपी सिंह, महाप्रबंधक, न्यौली चीनी मिल।
- न्यौली चीनी मिल को नोटिस जारी कर दिया गया है। हमारा लक्ष्य है कि एक सप्ताह में पुराने पेराई सत्र का पूरा भुगतान करा दिया जाएगा। उसके बाद नए पेराई सत्र के भुगतान की तैयारी की जाएगी। - ओमप्रकाश यादव, जिला गन्ना अधिकारी।
रिपोर्ट एवं संपादन अजय झंवर