आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों की लापरवाही से मरीज की मौत हो गई। चिकित्सक पेशाब नली में संक्रमण के मरीज को हड्डी रोग का इलाज देते रहे। रातभर मरीज दर्द से कराहता रहा और सुबह उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि समय पर सही इलाज मिलता तो जान बच सकती थी।
कासगंज जिला जेल में बंदी सुरेश सिंह (62) को पेशाब नली में संक्रमण हो गया था। पेशाब नहीं उतर रहा था। छाती में दर्द के साथ सांस लेने में भी तकलीफ होने लगी थी। कासगंज पुलिस शुक्रवार रात कैदी को लेकर एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी आई।
कैदी के रिश्तेदार प्रमोद सिंह ने बताया कि इमरजेंसी में मरीज को चाय पिलाई। फिर डॉक्टर बोले कि हालत ठीक है, भर्ती करने की जरूरत नहीं है। लेकिन थोड़ी देर बाद मुंह और पेशाब नली से रक्त आने लगा। डॉक्टर को परेशानी बताने के दौरान तीमारदार ने छह साल पहले हुए मरीज के कूल्हे के ऑपरेशन की भी जानकारी दी।