आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज की 90 करोड़ रुपये की लागत से बनी आठ मंजिला इमारत में अग्निशमन विभाग के अनापत्ति प्रमाणपत्र के बिना ही मरीज भर्ती किए जा रहे हैं। इस इमारत में आठ विभाग संचालित हैं। 350 मरीज भर्ती रहते हैं। बीते मार्च में भी यहां आग लग गई थी। मरीजों को बाहर निकाला गया था।
ये विभाग हैं इस इमारत में
आठ मंजिला इमारत में हड्डी रोग, सर्जरी विभाग, ईएनटी रोग, अल्ट्रासाउंड सेंटर, वायरोलॉजी लैब और पैथोलॉजी लैब संचालित है। इन विभागों में 300 मरीज भर्ती रहते हैं। तीमारदार, चिकित्सकों समेत स्टाफ और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों समेत एक वक्त में दो हजार से अधिक लोग इस इमारत में मौजूद रहते हैं। ये इमारत वर्ष 2016 में हैंडओवर हुई, लेकिन इसमें मानकों की कमी के कारण फायर एनओसी नहीं मिली। बीते मार्च में आग लगने के बाद इसमें से सभी मरीजों को जैसे-तैसे बाहर निकाला जा सका था। अभी भी इस इमारत के लिए अग्निशमन विभाग से एनओसी नहीं है।