मैनपुरी। जिलाधिकारी के निर्देश पर अपंजीकृत और मानकों की अनदेखी करने वाले क्लीनिक और पैथोलॉजी संचालकों पर कार्रवाई की जा रही है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कुसमरा और जागीर में पैथोलॉजी और क्लीनिकों पर छापा मारा। इस दौरान एक क्लीनिक सहित सात पैथोलॉजी केंद्र संचालक अपने पैथोलॉजी और क्लीनिक बंद करके भाग गए। सभी के यहां नोटिस चस्पा किया गया।
जबकि एक पैथोलॉजी पंजीकृत मिली लेकिन वहां बायोवेस्टेज की व्यवस्था सही नहीं मिली इस पर नोटिस जारी किया गया।
शनिवार की सुबह उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरपी सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम कस्बा कुसमरा पहुंची। यहां काजल पैथोलॉजी पंजीकृत मिली लेकिन यहां बायोमेडिकल वेस्ट की उचित व्यवस्था नहीं मिली इस पर अधिकारियों ने संचालक को नोटिस जारी किया। कुसमरा में संचालित साईं पैथोलॉजी, हाजी पैथोलॉजी, ओम पैथोलॉजी बंद मिले। सभी के यहां नोटिस चस्पा किया गया।
जागीर के कछपुरा में कार्रवाई के दौरान पंचसील आयुष क्लीनिक, प्रिंस पैथोलॉजी, पारुल पैथोलॉजी और न्यू एसआरएएस पौथोलॉजी बंद मिले। सभी के यहां उप मुख्य चिकित्साधिकारी ने नोटिस चस्पा कराते हुए तीन दिन में जवाब मांगा है। निरीक्षण के दौरान रवींद्र सिंह गौर, राजेश पांडेय आदि लोग मौजूद रहे।