मैनपुरी। उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरपी सिंह ने सोमवार को करीमगंज और हन्नूखेड़ा पहुंचकर पैथोलॉजी सेंटर और क्लीनिकों पर छापा मारा। इस दौरान दो पैथोलॉजी सेंटर और दो झोलाछाप की दुकानों को सील किया गया। टीम के पहुंचते ही संचालक फरार हो गए। सभी को नोटिस जारी करते हुए तीन दिन में जवाब मांगा गया है।
करीमगंज क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम दो दिन से डेरा डाले हुए हैं। यहां संचालित होने वाली पैथोलॉजी से लोगों को डेंगू और बुखार की रिपोर्ट दी जा रही थी। सीएमओ डॉ. एके पांडेय ने रविवार को यहां स्वास्थ्य विभाग का कैंप लगवाया। इस दौरान साक्षी पैथोलॉजी से सर्वाधिक डेंगू और बुखार की रिपोर्ट जारी होने का मामला सामने आया। सीएमओ ने साक्षी पैथोलॉजी संचालक से सात दिन की रिपोर्ट और पंजीकरण संबंधी दस्तावेज मांगे थे।
सोमवार को सीएमओ के निर्देश पर उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरपी सिंह गांव करीमगंज पहुंचे। यहां संचालक दस्तावेज नहीं दिखा सका। इस पर उप मुख्य चिकित्साधिकारी ने साक्षी पैथोलॉजी को सील कर दिया। संचालक को नोटिस थमाते हुए तीन दिन में जवाब मांगा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव हन्नूखेड़ा में दो झोलाछाप की दुकानों को सील कर दिया। झोलाछाप मौका पाकर भाग गए। हन्नूखेड़ा स्थित हन्नूखेड़ा पैथोलॉजी का संचालक भी दस्तावेज नहीं दिखा सका। इस पैथोलॉजी को भी सील कर दिया गया। रवींद्र सिंह, विकास गुप्ता, पुष्पेंद्र चौहान आदि कर्मचारी मौजूद रहे।