फोटो 3तांतपुर बस स्टैंड पर लगी दीवार दिखाते ग्रामीण क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन को शिकायती पत्र
- फोटो : 1
खेरागढ़। कस्बा तांतपुर में बस स्टैंड के नवीनीकरण के समय पीछे की तरफ बना छोटा रास्ता बंद होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बस स्टैंड के पीछे कस्बा के नजदीक पड़ने वाला आवागमन का गेट आज तक नहीं बन सका है। मजबूरी में लोग दीवार लांघकर बस स्टैंड पहुंच रहे हैं। वहीं सीधा रास्ता बंद होने से यात्रियों को करीब डेढ़ किलोमीटर का अतिरिक्त फेरा लगाना पड़ रहा है।
बुधवार को समस्या को लेकर राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष पं गोविंद शर्मा ने परिवहन विभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक ब्रह्म प्रकाश अग्रवाल से मुलाकात की और प्रार्थना पत्र सौंपकर रास्ता खुलवाकर गेट बनवाने की मांग की। उन्होंने बताया कि बस स्टैंड के नवीनीकरण के दौरान पीछे से लोगों के आवागमन का रास्ता बंद कर दिया गया था। जिसका लोगों द्वारा विरोध किए जाने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने गेट बनवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन निर्माण के दौरान गेट की जगह दीवार खड़ी कर दी गई। इससे स्थानीय लोगों के सामने आवागमन का संकट खड़ा हो गया है।