आगरा। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की कॉपियों के मूल्यांकन के दौरान रुपये मिलने और परीक्षार्थियों की ओर से प्रश्नपत्र में पूछे गए प्रश्नों के उत्तर से इतर दूसरी बातें लिखे जाने के मामले सामने आ रहे हैं। सोमवार को हाईस्कूल हिंदी की कॉपी में एक परीक्षार्थी ने परीक्षक से पास करने की प्रार्थना के साथ 500 रुपये भी चिपका रखे थे।
परीक्षार्थी ने कॉपी में लिखा कि वह घर में अकेला कमाने वाला है। पढ़ाई के साथ काम भी करता है और घर का खर्च चला रहा है। काम की वजह से पढ़ाई कम हो पाती है। परीक्षक से पास करने की प्रार्थना की है। अंत में सॉरी भी लिखा है। परीक्षार्थी ने कॉपी में 500 रुपये भी टेप से चिपका रखे थे।
जिले के पांचों मूल्यांकन केंद्रों को प्राप्त 6,62,581 में से सोमवार तक 4,10,366 कॉपियों का मूल्यांकन हो पाया है। 2,52,215 कॉपियों का मूल्यांकन होना बाकी है। बोर्ड की ओर से निर्धारित समय के अनुसार पांच मई तक मूल्यांकन कार्य समाप्त हो जाना चाहिए। परीक्षकों की उपस्थिति को देखते हुए यह संभव नहीं दिख रहा है। सोमवार को पांचों मूल्यांकन केंद्रों पर 2292 में से 1158 परीक्षक उपस्थित हुए और 1134 अनुपस्थित रहे। 236 उप प्रधान परीक्षकों में से 143 उपस्थित और 93 अनुपस्थित रहे।