गर्मी में रेल संचालन पटरी से उतरने से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ट्रेनों के घंटों देरी से चलने पर यात्री स्टेशन पर बैठकर परेशान होते रहे। उन्हें पीने के पानी तक के लिए तरसना पड़ा।
कासगंज - बरेली मार्ग पर मरम्मत कार्य के चलते तीन पैसेंजर ट्रेनें लेट हुईं। फर्रूखाबाद -कासगंज पैसेंजर ट्रेन के इंजन में तकनीकी कमी आने पर ट्रेन करीब एक घंटा बिलंब हुई। ट्रेनों के लेट हो जाने से स्टेशन पर यात्रियों को काफी परेशानी हुई। लोगों को पीने के पानी के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
विज्ञापन
बरेली रेल मार्ग पर मानपुर नगरिया और वितरोई के मध्य इंजीनियरिंग विभाग द्वारा ब्लॉक लेकर मरम्मत कार्य किया जा रहा है। मरम्मत कार्य के चलते ट्रेन संख्या 55328 बरेली सिटी -कासगंज ढाई घंटा देरी से कासगंज जंक्शन पर पहुंची। ट्रेन संख्या 55327 कासगंज-बरेली सिटी 11 बजे कासगंज जंक्शन से रवाना होने के बाद कासगंज सिटी रेलवे स्टेशन पर करीब एक घंटा तक स्टेशन पर खड़ी रही। इसके बाद वह बरेली के लिए रवाना हुई।
वहीं ट्रेन संख्या 55312 लालकुआं-कासगंज पैसेंजर ट्रेन करीब पौने चार घंटा देरी से कासगंज पहुंची। यात्री सचिन कुमार, नितेश कुमार ने बताया कि फर्रूखाबाद की ओर से आने वाली ट्रेन संख्या 55343 का इंजन में तकनीकी कमी आ गई। इसी के चलते यह ट्रेन नरथर-दरियावगंज के मध्य करीब 1 घंटा 25 मिनट खड़ी रही । इंजन में तकनीकी कमी को ठीक करने के बाद ट्रेन को रवाना किया।
विज्ञापन
ट्रेनों के लेट हो जाने से जंक्शन पर आने जाने वाले यात्री परेशान रहे। लोग ट्रेन के इंतजार में टकटकी लगाए हुए थे। यात्री रेलवे कर्मियों से ट्रेन के आने के बारे में जानकारी लेते रहे। वहीं गर्मी में यात्री को काफी दिक्कतें हुई और स्टेशन पर पीने का पानी भरने के लिए यात्रियों की भीड़ रही। ट्रेन के इंतजार में काफी संख्या में यात्री स्टेशन पर बैठे हुए थे। ट्रेन के पहुंचने पर यात्री सवार होकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।