आगरा। त्योहार पर यात्रियों की सुविधा के लिए परिवहन निगम ने अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू किया था लेकिन धनतेरस पर ही दावे फेल होते दिखे। यात्रियों को बस के लिए काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। बस स्टैंड से लेकर हाईवे तक लोग बस का इंतजार करते दिखे।
विज्ञापन
परिवहन निगम की ओर से करीब 747 बस संचालित करने का दावा किया गया था। आगरा से दिल्ली, जयपुर, लखनऊ, मुरादाबाद, मैनपुरी, इटावा, कासगंज, बरेली व अन्य मार्गों पर बस का संचालन शुरू किया गया। पर्याप्त संख्या में बस न दिखने से लोग भटकते नजर आए।
परिवहन विभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक ब्रह्म प्रकाश अग्रवाल का दावा है कि सराय काले खां के लिए 116, आनंद विहार, कौशांबी और नोएडा के लिए 201, जयपुर के लिए 80, लखनऊ के लिए 50 और अन्य मार्गों के लिए 300 बसें संचालित की गई हैं।
विज्ञापन
लखनऊ के पीके चौधरी ने कहा कि आईएसबीटी बस स्टैंड पर काफी देर इंतजार किया। इसके बाद हाईवे पर पहुंचे। वहां भी आधे घंटे इंतजार के बाद बस मिली लेकिन उसमें भी भीड़ थी। नोएडा के सुमित गुप्ता ने कहा कुबेरपुर से बस पकड़नी थी लेकिन काफी देर खड़े रहने के बाद मिल पाई। बस में भीड़ बहुत है।