आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पलटी बस
- फोटो : Amar Ujala
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार रात को जहां एक बस में आग लगने से चार लोग जिंदा जल गए, वहीं सोमवार की सुबह एक और प्राइवेट बस हादसे का शिकार हो गई। इसमें सवार 12 यात्री घायल गए, जिन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
यह हादसा आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में जीरो प्वाइंट के समीप आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि आजमगढ़ से दिल्ली जा रही प्राइवेट बस रिंगरोड के मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में करीब 40 यात्री सवार थे, जिनमें 12 लोग घायल हो गए।
सूचना मिलते ही थाना डौकी पुलिस और यूपीडा के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने घायल यात्रियों को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर हैं। उधर, मौके पर पहुंचे बचाव दल ने क्रेन के माध्यम से बस को एक्सप्रेसवे से हटवाया।
इससे पहले रात को मैनपुरी जनपद में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराने के बाद बस में आग लग गई। इस हादसे में चार यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए। इन दोनों को सैफई के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।