कासगंज। मतगणना में 4 दिन का समय शेष है। समय नजदीक आने के साथ ही प्रत्याशियों, पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की धड़कनें बढ़ने लगी हैं। विभिन्न दलों के प्रत्याशी, कार्यकर्ता व पदाधिकारी ईवीएम स्ट्रांग रूम की निगरानी कर रहे हैं। प्रत्याशी व कार्यकर्ता एलईडी स्क्रीन पर लाइव अपडेट ले रहे हैं।
बसपा प्रत्याशी मोहम्मद आरिफ कार्यकर्ताओं के साथ मंडी परिसर पहुंचे। जहां उन्होंने एलईडी टीवी पर ईवीएम की सुरक्षा के लाइव अपडेट को देखा। सुरक्षाकर्मियों से बात की। सपा प्रत्याशी नादिरा सुल्तान व पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने भी स्ट्रांग रूम का निरीक्षण करके सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी की। यहां पर सपा कार्यकर्ता लगातार निगरानी कर रहे हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से निगरानी के निर्देश हैं। अन्य प्रत्याशी भी स्ट्रांग रूम की निगरानी कर रहे हैं। जिले के प्रशासनिक अधिकारी भी ईवीएम स्ट्रांग रूम का निरीक्षण करके सुरक्षा व्यवस्था परख रहे हैं।