उत्तर प्रदेश के आगरा में मंगलवार की रात विवाहिता की चाकू से गला काटकर हत्या कर दी गई। घरवालों ने उसका शव देखा तो चीख पड़े। सूचना पर पहुंचे मायकेवालों ने दामाद व ससुरालीजन पर हत्या करने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजन से बात करके जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
घटना शाहगंज थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर की है। यहां की निवासी नैना (20) की शादी मोहल्ले के रहने वाले प्रवीण से हुई थी। प्रवीण जूता कारीगर है। मंगलवार की रात चाकू से गला रेतकर नैना की हत्या कर दी गई। बुधवार की सुबह मायके वालों को जानकारी दी गई। खबर पाकर मायकेवाले बेटी के घर पहुंचे। शव देखकर वह बिलख पड़े। उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया।
मायकेवालों ने बताया कि दहेज की मांग को लेकर ससुरालीजन बेटी को प्रताड़ित करते थे। आए दिन घर में झगड़ा करते थे। बीती रात को चाकू से गला काटकर उसे मार डाला। थाना प्रभारी भानु प्रताप ने बताया कि मृतक की मां निखिलेश की तरफ से तहरीर मिली है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।