ग्राम पंचायतों में 15 सितंबर से 15 नवंबर तक घर-घर चले मतदाता पुनरीक्षण अभियान के बाद त्रिस्तरीय पंचायत 2021 के लिए आगरा जिले के 15 ब्लॉक में 20 लाख मतदाताओं की ड्राफ्ट सूची तैयार हो गई है। दो महीने में 2.61 लाख मतदाताओं ने अपने नाम सूची में जुड़वाए हैं, जबकि 1.53 लाख मतदाताओं के नाम कट गए। 30 हजार मतदाताओं ने नाम-पते में संशोधन कराया है। पंचायत व निकाय चुनाव में 2015-16 में 19.07 लाख मतदाता थे। इस चुनाव में 20.05 लाख मतदाता होंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) जे रीभा ने बताया कि 550 से अधिक ग्रामीण मतदाताओं ने ऑनलाइन आवेदन किए हैं। ड्राफ्ट मतदाता सूची पर छह से 12 दिसंबर तक आपत्तियां मांगी गई हैं। 18 दिसंबर तक सुनवाई के बाद 29 दिसंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। जिले में पंचायत चुनाव की सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक जनवरी 2021 के बाद राज्य में कभी भी पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी हो सकती है।
बरौली में सबसे ज्यादा, जगनेर में सबसे कम नए मतदाता
पंचायत चुनावों के लिए छह तहसीलों के 15 ब्लॉक में 1481 बीएलओ ने मतदाताओं का सत्यापन किया। सबसे ज्यादा मतदाताओं के नाम बरौली अहीर में बढ़े हैं। यहां 33905 मतदाताओं ने नाम जुड़वाए हैं जबकि 13454 मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। इसी तरह सबसे कम मतदाताओं के नाम जगनेर ब्लॉक में जुड़े हैं। यहां 10574 मतदाताओं ने नाम जुड़वाए हैं। फतेहाबाद में सबसे ज्यादा 14953 मतदाताओं के नाम सूची से हटे हैं।
ब्लॉक नाम जोड़े- नाम हटाए- नाम में संशोधन
एत्मादपुर 16999 10052 2870
खंदौली 18803 10212 1679
बिचपुरी 20410 5602 1167
बरौली अहीर 33905 13454 2670
अकोला 16951 9145 1576
फतेहपुर सीकरी 15269 11307 2375
अछनेरा 18156 10991 2307
खेरागढ़ 14151 8881 947
जगनेर 10574 6615 804
सैंया 15422 9578 1324
फतेहाबाद 21507 14953 3193
शमसाबाद 20058 12323 2152
बाह 14269 10690 1950
पिनाहट 10750 8623 1986
जैतपुर कला 14345 10093 2056
आज थमेगा एलएलसी चुनाव का प्रचार
विधान परिषद की शिक्षक व स्नातक खंड सीट के लिए चल रहा चुनाव प्रचार रविवार शाम पांच बजे बंद हो जाएगा। एक दिसंबर को सुबह आठ बजे से मतदान होगा। मतदान की सभी तैयारियां शनिवार को निर्वाचन अधिकारियों ने पूर्ण कर ली। तीन दिसंबर को होने वाली मतगणना के लिए एडीएम प्रशासन निधि श्रीवास्तव को प्रभारी नियुक्त किया है।
आगरा खंड की दोनों सीटों पर कुल 38 प्रत्याशी हैं। इनमें शिक्षक प्रत्याशी 16 और स्नातक प्रत्याशी 22 हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी योगेंद्र कुमार ने बताया कि मतपत्र छपकर आ गए हैं। मंडी समिति में मतगणना होगी। 12 जिलों में 2.81 लाख स्नातक मतदाता और 30 हजार शिक्षक मतदाता हैं।
दोपहर बाद आए मतदाता, जमा कराए फार्म
विधानसभा चुनाव के लिए विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार सुबह बीएलओ मतदेय स्थलों पर पहुंचे। दोपहर 12 बजे के बाद मतदाता पहुंचे। शाम चार बजे तक प्रेम नगर, मारुति एस्टेट, बोदला और लोहामंडी मतदेय स्थलों पर बीएलओ ने नए मतदाताओं के फार्म जमा किए। ऑनलाइन फार्म जमा करने के बावजूद सूची में नाम नहीं जुड़ने पर मतदाताओं से दोबारा मैनुअल फार्म जमा कराए गए हैं।
निवास साक्ष्य को भटक रहे मतदाता
मतदेय स्थलों पर शनिवार को सबसे ज्यादा मतदाता निवास साक्ष्य की शिकायत लेकर आए। सूची में नाम जुड़वाने व वोटर कार्ड बनवाने के लिए उनके पास उम्र व निवास का साक्ष्य नहीं था। बीएलओ ने उन्हें जनप्रतिनिधि से साक्ष्य व उम्र प्रमाणित कराने के लिए कहा है। श्याम नगर निवासी प्रेम सिंह ने कहा पार्षद अपने लैटर हैड पर लिखकर नहीं दे रहा। हसनपुरा निवासी मनोरमा ने बताया दो बार ऑनलाइन फार्म भरने के बाद भी मेरा वोट नहीं बना।