मैनपुरी। जिले में 16 क्रय केंद्रों पर धान की खरीद का तीन दिन में किसानों का भुगतान कराया जा रहा है। अब तक 438 किसानों से खरीद की जा चुकी है, जिसमें से 85 प्रतिशत किसानों का भुगतान हो चुका है। इससे किसानों को राहत है।
किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीद के लिए 16 क्रय केंद्र संचालित हैं। बाजार में धान की कीमत इस बार अच्छी होने से किसान यहां अपना धान कम ही ला रहे हैं। लगभग दो माह में 438 किसानों से दो हजार 92 मीट्रिक टन धान की खरीद हो सकी है। जबकि लक्ष्य 1.32 लाख मीट्रिक टन है। शासनादेश के अनुसार खरीद के 72 घंटे में किसान को भुगतान उसके बैंक खाते में किया जा रहा है। जिले में 375 किसानों को 332 लाख रुपये का भुगतान किया गया है। वहीं 63 किसानों का 60 लाख रुपये भुगतान के लिए बकाया है। ये वे किसान हैं, जिनसे बीते तीन दिनों में धान की खरीद की गई है।
---
खाते में केवाईसी न होने पर रुका रहा भुगतान
धान विक्रय की धनराशि का भुगतान पीएफएमएस के माध्यम से किसान के सीधे खाते में किया जाता है। कुछ किसानों के भुगतान में समस्या आ रही है। बैंक खाते में केवाईसी न होने के चलते भुगतान नहीं हो पाता है। किसानों को इसकी जानकारी दी जाती है। बैंक खाते में केवाईसी करने के बाद ही धनराशि स्थानांतरित हो पाती है।
---
लगातार किसानों से धान की खरीद की जा रही है। समय से उनका भुगतान भी कराया जा रहा है। कुछ किसान जिनके खाते में समस्या है, उनका भुगतान ही रुक रहा है। अन्य सभी के भुगतान कराए जा रहे हैं।
-उदित नरायन सिंह, जिला खाद्य विपणन अधिकारी