उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान ने सपा सांसद डिंपल यादव पर मौलाना साजिद रशीदी की टिप्पणी की निंदा की। मंगलवार को टिप्पणी का संज्ञान लेते हुए उन्होनें माैलाना को नोटिस जारी किया है। अध्यक्ष ने कहा किसी भी मौलाना या अन्य को महिलाओं के लिए इतनी छोटी व हल्की बात कहने का कोई अधिकार नहीं है। मौलाना ने अमर्यादित भाषा का उपयोग किया, जिसका संज्ञान लेकर आयोग मौलाना के विरुद्ध कार्रवाई करेगा।
सर्किट हाउस में मीडिया से बात करते हुए डॉ. बबीता चौहान ने कहा कि मौलाना ने भी किसी मां की कोख से ही जन्म लिया होगा। उन्हें इस तरह की अभद्र टिप्पणी का कोई अधिकार नहीं है। हर घर में बेटियां और महिलाएं हैं। महिलाओं को समाज में सॉफ्ट टारगेट नहीं समझा जाए।
महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि हाल ही में प्रदेश में धर्मांतरण की घटनाएं सामने आई हैं। उनमें भी महिलाओं को ही निशाना बनाया गया है। उन्होंने छांगुर बाबा प्रकरण पर कहा कि महिलाओं में जागरूकता की कमी, शिक्षा का अभाव और उनकी गरीबी का लाभ उठाकर धर्मांतरण कराया गया। उन्हें गुमराह कर धन का लालच दिया। मुख्यमंंत्री ने स्वत: संज्ञान लेकर कार्रवाई की।
उन्होंने महिलाओं को जागरूक करते हुए कहा कि अभिभावक अपनी बच्चियों का ध्यान रखें। वे कहां जा रही हैं, क्या कर रहीं हैं, उनके रहन-सहन, पहनावे में यदि बदलाव दिख रहा है तो अभिभावक जरूर पता करें। बच्चे के पास इतनी सारी सुविधाएं कहां से आ रही हैं। कहीं वह किसी गलत राह पर तो नहीं भटक रहा। इस पर भी ध्यान दें। उन्होंने कहा कि महिला उत्पीड़न की घटनाओं को रोकने के लिए जो भी कदम उठाने पड़ेंगे, आयोग उठाएगा।
माैलाना पर की जाए कार्रवाई : शब्बीर अब्बास
वरिष्ठ समाजवादी नेता शब्बीर अब्बास ने कहा कि साजिद रशीदी जैसे मौलाना की जुबान पर लगाम लगाना जरूरी हो गया है। उन पर कार्रवाई की जानी चाहिए। ऐसे लोग इस्लाम की नुमाइंदगी नहीं कर रहे, बल्कि अपने बयानों से देश में नफरत को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सांसद डिंपल यादव ने जब एक मस्जिद में जाकर मोहब्बत और तहजीब की मिसाल कायम की तो उसकी सराहना करने के बजाय, कुछ मौलाना चैनलों पर बैठकर जहर उगलने लगे। यह अफसोसजनक ही नहीं, बल्कि इस्लामी उसूलों के खिलाफ भी है।
सपा महिला सभा ने मौलाना पर केस दर्ज कराने के लिए सौंपा ज्ञापन
आगरा। सांसद डिपंल यादव पर मौलाना साजिद रशीदी की अभद्र टिप्पणी से पार्टी कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। मंगलवार को समाजवादी पार्टी महिला सभा की कार्यकर्ताओं ने मौलाना पर केस दर्ज कराने के लिए जगदीशपुरा एसीपी मयंक तिवारी को ज्ञापन सौंपा।
समाजवादी पार्टी महिला सभा की शहर अध्यक्ष मोनिका नाज खान ने कहा कि इस टिप्पणी ने न केवल एक महिला जनप्रतिनिधि के सम्मान को ठेस पहुंचाई है, बल्कि समाज में नफरत फैलाने और महिलाओं के प्रति गलत सोच को बढ़ावा देने का काम किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि प्रशासन जल्द से जल्द मौलाना के खिलाफ केस दर्ज करे अन्यथा सपा महिला सभा की पदाधिकारी सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगी।