आगरा। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान ने सपा सांसद डिंपल यादव पर मौलाना साजिद रशीदी की टिप्पणी की निंदा की। मंगलवार को टिप्पणी का संज्ञान लेते हुए उन्होनें माैलाना को नोटिस जारी किया है। अध्यक्ष ने कहा किसी भी मौलाना या अन्य को महिलाओं के लिए इतनी छोटी व हल्की बात कहने का कोई अधिकार नहीं है। मौलाना ने अमर्यादित भाषा का उपयोग किया, जिसका संज्ञान लेकर आयोग मौलाना के विरुद्ध कार्रवाई करेगा।
सर्किट हाउस में मीडिया से बात करते हुए डॉ. बबीता चौहान ने कहा कि मौलाना ने भी किसी मां की कोख से ही जन्म लिया होगा। उन्हें इस तरह की अभद्र टिप्पणी का कोई अधिकार नहीं है। हर घर में बेटियां और महिलाएं हैं। महिलाओं को समाज में सॉफ्ट टारगेट नहीं समझा जाए।
महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि हाल ही में प्रदेश में धर्मांतरण की घटनाएं सामने आई हैं। उनमें भी महिलाओं को ही निशाना बनाया गया है। उन्होंने छांगुर बाबा प्रकरण पर कहा कि महिलाओं में जागरूकता की कमी, शिक्षा का अभाव और उनकी गरीबी का लाभ उठाकर धर्मांतरण कराया गया। उन्हें गुमराह कर धन का लालच दिया। मुख्यमंंत्री ने स्वत: संज्ञान लेकर कार्रवाई की।
उन्होंने महिलाओं को जागरूक करते हुए कहा कि अभिभावक अपनी बच्चियों का ध्यान रखें। वे कहां जा रही हैं, क्या कर रहीं हैं, उनके रहन-सहन, पहनावे में यदि बदलाव दिख रहा है तो अभिभावक जरूर पता करें। बच्चे के पास इतनी सारी सुविधाएं कहां से आ रही हैं। कहीं वह किसी गलत राह पर तो नहीं भटक रहा। इस पर भी ध्यान दें। उन्होंने कहा कि महिला उत्पीड़न की घटनाओं को रोकने के लिए जो भी कदम उठाने पड़ेंगे, आयोग उठाएगा।