ट्रांस यमुना क्षेत्र में हॉस्पिटल के सामने तेज रफ्तार से आ रही डीसीएम ने सड़क किनारे खड़ी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक दूर जा गिरी। इसके बाद पेड़ से टकरा गई। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के कालिंदी विहार स्थित 80 फुटा मार्ग पर सोमवार रात तेज रफ्तार डीसीएम अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी बाइक से टकरा गई। इसके बाद डीसीएम पेड़ से टकराकर रुक गई। हादसे में बाइक करीब 10 मीटर दूर जा गिरी और डीसीएम का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि पास में मोमोज खाने आए दो सगे भाई चपेट में आने से बच गए।
विज्ञापन
चंद्र नगर निवासी प्रिंस शर्मा (20) और मनोज शर्मा (22) सोमवार रात करीब 8:45 बजे अपने बड़े भाई तेज प्रकाश शर्मा की बाइक से मोमोज लेने 80 फुटा मार्ग पर आए थे। इसी दौरान चौहान हॉस्पिटल के सामने तेज रफ्तार से आ रही डीसीएम ने सड़क किनारे खड़ी उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक दूर जा गिरी। इसके बाद पेड़ से टकरा गई। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रत्यक्षदर्शी सुभाष बघेल ने बताया कि डीसीएम पेड़ से नहीं टकराती तो पास में मौजूद दोनों भाई उसकी चपेट में आ सकते थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हाइड्रा की मदद से डीसीएम को हटवाकर थाने पहुंचाया। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि 100 फुटा मार्ग पर मीशो कंपनी के यहां डीसीएम में माल लोड किया जा रहा था। इसी दौरान चालक के साथ आया व्यक्ति वाहन लेकर अचानक भाग निकला। परिचालक को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।