किशनी तहसील में प्रदर्शन करतीं गांव डांडेहार की महिलाएं
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी-किशनी। गांव में शौचालय न बनने से परेशान महिलाएं तहसील जा पहुंची। उन्होंने ग्राम प्रधान के खिलाफ प्रदर्शन कर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। राशन डीलर पर भी उन्होंने राशन न देने का आरोप लगाया। कहा कि अगर समस्या का निदान नहीं हुआ तो वे जिलाधिकारी का घेराव करेंगी।
किशनी के गांव डांडेहार की महिलाएं गुरुवार को तहसील पहुंचीं। महिलाओं का कहना था कि उनके गांव में कुछ दबंगों ने चकरोड को बंद कर दिया है। इससे गांव के लोगों को परेशानी होती है। इतना ही नहीं अब तक गांव में शौचालयों का निर्माण नहीं कराया गया है, जिसके चलते महिलाओं को खुले में शौच के लिए जाना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि उन्होंने ग्राम प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी को कई बार प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन आज तक किसी ने उनकी नहीं सुनी। कुछ महिलाओं ने राशन डीलर पर राशन न देने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि अगर जल्द उनकी समस्याओं का निदान न कराया गया तो वे जिलाधिकारी का घेराव करेंगी। इस दौरान सरोज, रामवती, राजरानी, मीना देवी, कुसमा देवी, छोटी देवी, गीता देवी, फूलमती, ऊषादेवी, नीलम, रामप्यारी, रूपादेवी, मीरा देवी, गुड्डी देवी, रासमा देवी, पिंटू आदि शामिल हैं।