आगरा। नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (एनएलयू) आगरा की जरूरत है। इससे विधि की पढ़ाई का स्तर और अच्छा हो जाएगा। छात्रों के पास विधि के अधिक पाठ्यक्रमों को चुनने का विकल्प मिलेगा। स्थानीय छात्रों को दूसरे शहरों में पढ़ने के लिए नहीं जाना होगा। ये बातें विधि के छात्रों ने आगरा कॉलेज के विधि संकाय में अमर उजाला की ओर से आयोजित संवाद के दौरान कही। विधि के छात्र कॉलेज में परीक्षा देने के लिए पहुंचे थे।
संवाद में छात्रों ने खुलकर अपनी राय रखी। यह भी कहा कि जिले के जनप्रतिनिधियों को एनएलयू की आगरा में स्थापना के लिए सार्थक प्रयास करना चाहिए। एलएलबी द्वितीय वर्ष के छात्र शिवम पाठक ने कहा कि एनएलयू में छात्रों को एडवांस्ड कोर्सेज पढ़ने के मिलेंगे। जिससे छात्रों को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। शिवम अग्रवाल और शेखर ने कहा कि यहां के जनप्रतिनिधि को एनएलयू की आगरा में स्थापना के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।
एनएलयू में फंड, फैसिलिटी व फैकल्टी की व्यवस्था बेहतर होती है। इसके आगरा में स्थापित होने से छात्रों का रुझान विधि पाठ्यक्रमों की ओर जरूर बढ़ेगा। - तशा, बीएएलएलबी चतुर्थ वर्ष
एनएलयू आगरा को मिल जाए तो यहां के छात्रों को विधि की पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जाना होगा। इससे परिवार पर आर्थिक बोझ भी कम पड़ेगा। - सारा अग्रवाल, बीएएलएलबी चतुर्थ वर्ष
एनएलयू स्थापित होने से इस क्षेत्र में विधि की शिक्षा का स्तर और अच्छा हो जाएगा। विधि के पाठ्यक्रमों के प्रति छात्र-छात्राओं में रुझान बढ़ेगा। - नेहा चौहान, बीएएलएलबी चतुर्थ वर्ष
एनएलयू आगरा में स्थापित होने से यहां के अलावा आसपास के जिलों में क्लैट की तैयारी करने वाले बढ़ जाएंगे। अपेक्षाकृत अधिक छात्रों को एनएलयू में दाखिला मिलेगा। - वरुण चौधरी, एलएलबी द्वितीय वर्ष
एनएलयू बनने से यहां रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। देश भर से छात्र यहां पढ़ने के लिए आएंगे। शिक्षा के क्षेत्र में भी आगरा की ख्याति बढ़ेगी। - पुष्पेंद्र सिंह तोमर, एलएलबी द्वितीय वर्ष
न्यायिक सेवाओं के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ेगा
राष्ट्रीय विश्वविद्यालय स्थापित होने से आगरा व आसपास क्षेत्रों का माहौल में भी बदलाव आएगा। न्यायिक सेवाओं के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ेगा। - धर्मेंद्र चाहर, एलएलबी द्वितीय वर्ष
नेशनल चैंबर के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल की ओर से आगरा में एनएलयू की स्थापना के लिए केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान, प्रदेश के उच्च शिक्षामंत्री व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा के अलावा केंद्रीय राज्यमंत्री विधि एवं न्याय मंत्रालय प्रो. एसपी सिंह बघेल, सांसद फतेहपुर सीकरी राजकुमार चाहर, केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. जीएस धर्मेश, राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह, विधायक योगेंद्र उपाध्याय, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, पक्षालिका सिंह, राम प्रताप सिंह चौहान, हेमलता दिवाकर, जितेंद्र वर्मा, महेश गोयल को पत्र लिखा है। आगरा में एनएलयू स्थापित कराए जाने की मांग की गई है। इस दिशा में प्रयास करने की अपेक्षा की है, जिससे प्रदेश के विधानसभा चुनाव से पहले इसकी घोषणा हो सके। इस संबंध में पूर्व में हुए पत्राचार की जानकारी भी है। मनीष अग्रवाल का कहना है कि एनएलयू मिलने से वैधानिक कारणों से आगरा को हुई औद्योगिकी हानि की कुछ सीमा तक भरपाई हो सकेगी। प्रतिभा का पलायन रुकेगा, आगरा का सतत विकास होगा।