कासगंज। पुलिस हिरासत में हुई अल्ताफ की मौत पर विपक्ष ने सरकार व पुलिस को घेरा है। विपक्षी नेताओं का दिनभर पीड़ित परिवार के घर पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। नेताओं ने कहा कि पुलिस हिरासत में अल्ताफ की मौत कानून की हत्या है। कांग्रेस, एआईएमआईएम के डेलीगेशन के अलावा सपा, बसपा नेता भी पहुंचे। नेताओं ने परिजनों को सांत्वना दी और एलान किया कि न्याय दिलाने तक वे पीड़ित परिवार के साथ हैं और संघर्ष जारी रखेंगे। विपक्षियों ने पीड़ित परिवार के एक सदस्य को नौकरी और परिवार को मुआवजे की भी मांग उठाई।
अल्ताफ के हत्यारों को दी जाए सजा : विवेक बंसल
कांग्रेसे के प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व कर रहे पूर्व विधायक एवं हरियाणा प्रदेश प्रभारी विवेक बंसल ने पीड़ित परिवार से मिलने के बाद पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि अल्ताफ का पिता अनपढ़ है और पुलिस ने स्वयं मनगढंत कहानी लिखकर उससे अंगूठा लगवा लिया। उसका पूरा परिवार परेशान है। अल्ताफ की मौत के दोषी पुलिसकर्मियों को सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस सरकार में लोकतंत्र की हत्या हो रही है। सच्चाई को दबाया जा रहा है।
पुलिसकर्मियों के निलंबन से नहीं मिलेगा न्याय : डौली शर्मा
कांग्रेस के डेलीगेशन में आईं कांग्रेस नेता डौली शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश नहीं यह अपराध प्रदेश बन गया है। थाने में 2.5 फीट की टोंटी पर 5 फीट का नौजवान कैसे खुदकुशी कर सकता है। योगी सरकार में पुलिस तानाशाही कर रही है। ठोको नीति बनाकर हत्याएं की जा रही हैं। माता-पिता का बुरा हाल है। पुलिस उन्हें धमकी देकर एक कागज पर अंगूठा लगवा लेती है। यह तानाशाही नहीं तो और क्या है। परिवार की वेदना प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी को सुनाएंगे।
सदमे में हैं अल्ताफ के परिजन : देवेंद्र यादव
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद देवेंद्र यादव पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। उन्होंने परिवार से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की जानकारी ली। जिलाध्यक्ष ने कहा कि अल्ताफ के परिजन सदमे में हैं। उन्होंने कहा कि मामले में परिवार की समस्या सुनने के लिए व पूरे प्रकरण की जांच के लिए समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधि मंडल शुक्रवार को कासगंज आएगा और पीड़ित परिवार से मिलेगा। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव घटना को लेकर बेहद गंभीर हैं।
50 लाख रुपये का मिले मुआवजा, उच्चस्तरीय जांच हो : शैतान सिंह
बसपा जिलाध्यक्ष शैतान सिंह भारती बसपाइयों के साथ पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। कहा कि जहां आम जनता को सुरक्षा मिलती हो, कानून का पालन होता हो, वहंा ऐसी घटना होना घोर निंदनीय है। प्रदेश में कानून व्यवस्था चौपट है। बसपा पार्टी घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग करती है। साथ ही परिवार के एक सदस्य को नौकरी और पचास लाख रुपये का मुआवजा दिया जाना चाहिए। इस दौरान बसपा के कमल बौद्ध, डीपी सिंह आदि नेता मौजूद रहे।
इन नेताओं ने भी बंधाया ढंाढस
कांग्रेस के डेलीगेशन में आईं कांग्रेस प्रवक्ता पंखुड़ी पाठक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य तौकीर आलम कांग्रेस नेता ओमवीर यादव, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अदनान मियां ने भी पीड़ित परिवार का दर्द सुना। पंखुड़ी पाठक ने कहा कि कांग्रेस कमेटी पीड़ित परिवार के साथ है। अल्ताफ की मौत एक हादसा नहीं बल्कि हत्या है। परिवार को न्याय मिलना ही चाहिए।