मैनपुरी। जिले के 21 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को कड़ी निगरानी के बीच उत्तर प्रदेश सम्मिलित राज्य प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन हुआ। परीक्षा के दौरान प्रथम पाली में 30.47 परीक्षार्थी उपस्थित हुए जबकि द्वितीय पाली में 30.16 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार राय ने परीक्षा का निरीक्षण किया।
रविवार को प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित हुई। इस परीक्षा के दौरान जिले के सभी 21 केंद्रों पर पंजीकृत 9600 परीक्षार्थियों में से 2926 परीक्षार्थी उपस्थित हुए जबकि 6674 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा में कुल 30.47 परीक्षार्थी ही शामिल हुए। वहीं दूसरी पाली में अपराह्न 2:30 बजे से 4:30 बजे तक परीक्षा का आयोजन हुआ। दूसरी पाली की परीक्षा के दौरान पंजीकृत 9600 परीक्षार्थियों में से 2896 परीक्षार्थी उपस्थित हुए वहीं 6704 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान कुल 30.16 प्रतिशत परीक्षार्थी ही परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा कड़ी निगरानी के बीच आयोजित हुए। जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह, एसपी अशोक कुमार सहित नौ सेक्टर मजिस्ट्रेट ने परीक्षा का निरीक्षण किया। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक के अतिरिक्त एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की गई थी।
-----
परीक्षा में प्रवेश से पहले ली गई सघन तलाशी
पीसीएस प्री परीक्षा के दौरान दोनों पालियों में परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश देने से पहले परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली गई। किरन सौजिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट वासुदेव कुमार और केंद्र व्यवस्थापक अशोक यादव की देख रेख में परीक्षार्थियों की प्रवेश से पहले तलाशी ली गई। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र के मुख्य द्वार पर सघन तलाशी के दौरान प्रतिबंधित सामग्री, इलैक्ट्रानिक उपकरण, मोबाइल, कैलकुलेटर, डिजिटल घड़ी आदि को परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर ही जमा कराया गया। उच्चाधिकारियों, सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट के अलावा कक्ष निरीक्षकों ने भी परीक्षा की सुचिता पर विशेष ध्यान दिया।