कासगंज। कंपनी के प्रोडेक्ट को सस्ता खरीदने का लालच एक ग्रामीण युवक को महंगा पड़ गया। युवक को प्रोडेक्ट तो मिला नहीं बल्कि वह ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गया। पुलिस ने कंपनी, कोरियर सर्विस सहित छह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गांव नमेनी निवासी वीरेंद्रपाल पुत्र गजराज सिंह ने वजन कम करने के लिए शिओपाल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से प्रोडेक्ट खरीदा। उन्होंने फोन पे के माध्यम से कंपनी को पहले एक रुपये फिर 4400 रुपये का भुगतान किया। कंपनी से 25 अगस्त 2021 तक प्रोडेक्ट भेजने का आश्वासन दिया, लेकिन प्रोडेक्ट प्राप्त नहीं हुआ। इसी दिन शाम के समय एक्सप्रेस बीस कोरियर से आर्डर के ऑनलाइन डिस्कनेक्ट हो जाने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही एक रुपये का पेमेंट भेजने को कहा गया, लेकिन फोन पे से पेमेंट नहीं हुआ। इसके बाद मोबाइल से लिंक भेजा गया।
लिंक को फॉवर्ड करते ही उनके खाते हैक कर लिए गए। पंजाब नेशनल बैंक के खाते से 49997 एवं एसबीआई के खाते से 44900 रुपये अन्य खातों में ट्रांसफर कर लिए गए। जैसे ही धनराशि के खातों से ट्रांसफर हो जाने की सूचना मिली तो उनके होश उड़ गए। इस मामले में पीड़ित प्रोडक्ट कंपनी, कोरियर सर्विस, तीन मोबाइल नंबरों एवं एक अन्य के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।