विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक प्रत्याशियों के श्वेत व गुलाबी मतपत्र पर मतदान के लिए एक दिसंबर को मतदेय स्थल पर सभी मतदाताओं के लिए एक ही पेन उपलब्ध कराया जाएगा। मतपत्र पर किसी अन्य पेन से वरीयता अंक दर्ज करने पर वोट निरस्त हो जाएगा। ये बात बृहस्पतिवार को निर्वाचन अधिकारियों ने कमिश्नरी में सभी प्रत्याशियों के साथ हुई बैठक में बताई।
निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं आयुक्त अनिल कुमार ने सुबह 10 बजे सभी प्रत्याशियों के साथ बैठक की। शिक्षक में 16 और स्नातक में 22 प्रत्याशी हैं। प्रत्याशियों को आदर्श आचार संहिता की जानकारी की भी जानकारी दी गई। मतपत्र पर प्रत्याशी के नाम के आगे अंक में वरीयता लिखी जाएगी। अंग्रेजी में स्पेलिंग लिखने, पर्चे पर किसी तरह का कोई टिक लगाने तथा बैंगनी के अलावा किसी अन्य रंग के पेन का प्रयोग करने पर वोट खारिज हो जाएगा।
सवाल : क्या नहीं फैलेगा संक्रमण
बैठक में शामिल एक प्रत्याशी प्रतिनिधि ने एक ही पेन का सभी मतदाताओं द्वारा प्रयोग पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा एक ही पेन का प्रयोग करने पर संक्रमण फैलने की आशंका रहेगी। इस पर निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं आयुक्त अनिल कुमार ने बताया कि मतदान के दौरान निर्वाचन आयोग के सभी निर्देशों का पालन किया जाएगा।