मथुरा के नौहझील क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार की सुबह टायर फटने से पलटी इनोवा कार सवार एक की मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं समेत चार लोग घायल हो गए। कार सवार प्रतापगढ़ से दिल्ली जा रहे थे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
प्रतापगढ़ के डिरहना निवासी प्रेमचंद्र (48) पुत्र दुखी सिंह पत्नी संगीता, भतीजी शिवानी, दामाद चंद्रकेश और भतीजे आनंद मोहन सिंह के साथ इनोवा से दिल्ली जा रहे थे। इनोवा को प्रेमचंद्र खुद चला रहे थे। हादसा नौहझील के गांव पालखेड़ा (माइल स्टोन-74) के पास हुआ।
एक्सप्रेसवे पर माइल स्टोन-74 के पास पहुंची इनोवा का ड्राइवर साइड का टायर फट गया। इससे चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और कार काफी दूर जाकर पलट गई। इसमें सवार प्रेमचंद्र की मौत हो गई और चारों घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे की सूचना लगते ही घर में कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक श्याम सिंह गौतम ने बताया कि एक युवक की मौत हुई है, जबकि चार अन्य घायल हुए हैं।