कासगंज। पटियाली-अलीगंज मार्ग पर एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिसमें एक बाइक सवार की मौत हो गई। जबकि दो अन्य घायलों को अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है।
योगेश (20) निवासी सिकंदरपुर वैश्य गांव के ही शिवम् और संदीप के साथ बाइक से दरियावगंज की ओर जा रहा था। जब वह अशोकपुर के निकट पहुंचे तो सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे तीनों ही युवक गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से भाग गया। हादसे पर बड़ी संख्या में राहगीर एकत्रित हो गए। मामले की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से इलाज के दौरान योगेश ने दम तोड़ दिया। जबकि शिवम एवं संदीप को डॉक्टर ने अलीगढ़ रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम को भेज दिया।