नेजा हाईटेंशन तार से छुआ, सात लोग झुलसे
थाना रसूलपुर के मोहल्ला सतीनगर निवासी हरिओम के घर पर मां वैष्णोदेवी धाम उसायनी में नेजा चढ़ाए जाने की तैयारी चल रही थी। घर पर प्रसाद तैयार कराने में लोग जुटे थे, वहीं बाहर नेजा सजाने में लोग लगे थे। नेजा को सजाने के बाद जैसे ही उत्साहित युवाओं ने उसे ऊपर की ओर उठाया तो वहां ऊपर से निकल रहे हाइटेंशन तारों से नेजा छू गया। इस कारण नेजा को पकड़ने वाले सात लोग झुलस गए।
झुलसे लोगों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल स्थित सरकारी ट्रामा सेंटर ले जाया गया। झुलसने वालों में मुख्यरूप से सियादेवी (50) पत्नी हरिओम, रोहित (22), सचिन (32), जुगल किशोर (30), हरिओम (22) व रजनी (32) शामिल हैं। इधर, हादसे की जानकारी होते ही उनके रिश्तेदार तथा मोहल्ले के लोग जिला अस्पताल पहुंचे।